जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का करें त्वरित समाधान: मनोज कुमार सिंह
लखनऊ,02 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह से बुधवार को वर्ष 2022 के सात और वर्ष 2023 बैच के 38 कुल 45 प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) प्रशिक्षु अधिकारियों ने भेंट की।
मुख्य सचिव ने प्रशिक्षु अधिकारियों का उत्तर प्रदेश प्रशासनिक परिवार में हार्दिक स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा दूसरों के लिए सोचने और कार्य करने का अवसर प्रदान करती है। सरकार अधिकारियों को आत्म-मूल्यांकन और विवेकपूर्ण निर्णय लेने की स्वतंत्रता देती है। इस सेवा में चुनौतियों के साथ व्यापक अनुभव प्राप्त करने का मौका भी मिलता है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह सेवा दूसरों का मार्गदर्शन और प्रेरणा देने के लिए है। स्वयं का मनोबल ऊंचा रखते हुए जनता के लिए अधिकतम कार्य करें, इससे आपकी टीम भी नई ऊर्जा के साथ कार्य करेगी। दूसरों की सेवा से आत्म-संतुष्टि और उपलब्धि की अनुभूति होती है, जो अन्य किसी सेवा में नहीं मिलती है।
मनोज कुमार सिंह ने प्रशिक्षु अधिकारियों से जनता से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने और नवीनतम तकनीक से स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन सबसे बुनियादी और महत्वपूर्ण सेवा है, जिसमें अधिकारियों का सीधा जुड़ाव जनता और उनकी समस्याओं से होता है। जमीन से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए कार्य करना होगा। समस्याओं के समाधान के लिए ज्यादा पढ़ना होगा और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करनी होगी।
महिला एवं बाल विकास को प्राथमिकता देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार के लिए टेक होम राशन (टीएचआर) कार्यक्रम चलाया जा रहा है। विकसित भारत की परिकल्पना स्वस्थ और शिक्षित नागरिकों पर निर्भर है। अधिकारियों को अन्य कार्यों के साथ-साथ महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों पर भी ध्यान देना होगा।
इस अवसर पर महानिदेशक उपाम एल. वेंकटेश्वर लू, प्रमुख सचिव नियुक्ति एम. देवराज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
You may also like
बर्मिंघम टेस्ट : शतक से चूके रवींद्र जडेजा, गिल दोहरे शतक की ओर, भारत का स्कोर 419/6
सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमत 900 रुपए से अधिक बढ़ी
रावणेश्वर ज्योतिर्लिंग जो मशहूर है 'कामना लिंग' के नाम से, जहां बाबा मंदिर के शिखर पर 'त्रिशूल' नहीं लगा है 'पंचशूल'
महिला कॉलेज में पुरुष प्रिसिंपल: पटना यूनिवर्सिटी में लॉटरी सिस्टम से कॉलेजों के प्रिंसिपल की नियुक्तियों पर विवाद
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का अद्यतन: 2025 में शुरू होने की उम्मीद