रामगढ़, 27 जून (Udaipur Kiran) । रामगढ़ जिले में भगवान जगन्नाथ स्वामी की रथ यात्रा आस्था के साथ संपन्न हुई। रथ को खींचने के लिए जन सैलाब उमड़ा। रामगढ़ प्रखंड के कैथा गांव में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा एक ही रथ पर विराजमान होकर मौसी बड़ी के लिए निकले। सुबह से ही कैथा जगन्नाथ मंदिर में भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूरे दिन मंदिर में लोगों की कतार लगी रही। भगवान जगन्नाथ का दर्शन करने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद भी पहुंचे। यहां उन्होंने सीता काटकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन भी किया।
भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है रथ यात्रा : मंत्री योगेंद्र प्रसाद
मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि रथ यात्रा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। यह पर्व हमें प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश देता है। धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक और विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने 35 वर्षों के बाद नवनिर्मित पवित्र रथ का फीता काटकर उद्घाटन किया।
सांसद सीपी चौधरी ने भगवान जगन्नाथ से मांगी क्षेत्र की खुशहाली
भगवान जगन्नाथ का दर्शन करने के लिए गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी भी पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा कर उनसे क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन के संसद के द्वारा किया गया। सांसद ने कहा कि भगवान जगन्नाथ बहुत दयालु हैं। वे अपने भक्तों से शीघ्र प्रसन्न होकर उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।
रथ यात्रा है हमारी सांस्कृतिक पहचान : जयराम महतो
कैथा जगन्नाथ मंदिर में पूजा करने पहुंचे जेएलकेएम सुप्रीम और टाइगर जयराम महतो ने रथ यात्रा को सांस्कृतिक पहचान बताया। ऐसे आयोजन हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं और नई पीढ़ी को हमारी परंपराओं से अवगत कराते हैं।
ऐतिहासिक आयोजन के लिए सांसद मनीष जायसवाल ने दी बधाई
कैथा में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की सराहना सांसद मनीष जायसवाल ने भी की। उन्होंने कहा कि पूरे देश में रथ उत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है। कैथा में इस पर्व का ऐतिहासिक आयोजन निश्चित रूप से प्रशंसनीय है। यह हमारी धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता को दर्शाता है।
रथ यात्रा के भव्य आयोजन में शामिल हुई विधायक ममता
रामगढ़ विधायक ममता देवी ने रथ यात्रा के सफल आयोजन पर अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा हर साल और भव्य होती जा रही है। बड़ी संख्या में लोग भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए आ रहे हैं। यह हमारी संस्कृति और परंपरा को जीवित रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। पूर्व गोमिया विधायक बबीता देवी और कैथा की बेटी ने इस आयोजन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि रथ यात्रा हमें आध्यात्मिकता और सेवा का मार्ग दिखाती है। यह क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द को भी बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में कई गणमान्य हुए शामिल
भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा में रामगढ़ थाना प्रभारी पीके सिंह, सिटी मैनेजर राजीव रंजन, करमा परियोजना अधिकारी रामेश्वर मुंडा, पवन कुमार महतो, समिति के अध्यक्ष हंसपाल महतो, सचिव संतोष महतो, कोषाध्यक्ष कुलदीप महतो, ध्यानचंद महतो, शिव कुमार, वार्ड पार्षद देवधारी महतो, देवलाल महतो, संजय करमाली ,सुरेश करमाली, माधव करमाली,मुनि नाथ महतो, प्रदीप महतो,संदीप कुमार, राजेश कुमार, राजकुमार, बालीश राम महतो सहित अन्य लोग मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / अमितेश प्रकाश