Next Story
Newszop

केंद्रीय मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के पिता आनंद सिंह का निधन, मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

Send Push

लखनऊ, 7 जुलाई (हि स)। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के पिता एवं पूर्व मंत्री आनंद सिंह का रविवार देर रात को लखनऊ में निधन हो गया। अंतिम यात्रा आज (7 जुलाई) दोपहर 3 बजे निवास मनकापुर कोट, गोंडा में संपन्न होगी। इसकी सूचना केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी है।

उन्होंने लिखा, ”आप सभी को अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि आज रात पिताश्री सभी के अभिभावक (आनंद सिंह) पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश एवं पूर्व सांसद का देहावसान हो गया है। पिता का देवलोकगमन मेरे जीवन की अपूरणीय क्षति है। पिताश्री की अंतिम यात्रा आज दोपहर 3 बजे मेरे निवास मनकापुर कोट, गोंडा में संपन्न होगी।”

आनंद सिंह उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार में कृषि मंत्री रहे। इसके पहले वह कांग्रेस पार्टी में रहे और गोंडा संसदीय क्षेत्र से चार बार सांसद रहे। उनके निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के पिता एवं पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद आनंद सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि यूपी सरकार के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद गोंडा निवासी राजा आनंद सिंह का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।

—————

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Loving Newspoint? Download the app now