Next Story
Newszop

सिविल डिफेंस के वार्डन अपनी अमिट पहचान बनाएं : धर्मवीर प्रजापति

Send Push

धर्मवीर प्रजापति ने मुरादाबाद में मंडलीय एवं जिला होमगार्ड्स कार्यालय का किया शिलान्यास एवं भूमि पूजन

मुरादाबाद, 26 जून (Udaipur Kiran) । सिविल डिफेंस के वार्डन जहां भी ड्यूटी करें वहां पर अपनी एक अमिट पहचान बनाकर आएं। नागरिक सुरक्षा के सभी वार्डन स्वयंसेवक के रूप में सिविल डिफेंस से जुड़कर कार्य करते हैं। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार में होमगार्ड (स्वतंत्र प्रभार) व नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने गुरुवार को नागरिक सुरक्षा के वार्डन के साथ आयोजित संवाद बैठक में कही।

होमगार्ड (स्वतंत्र प्रभार) व नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने आज मुरादाबाद में सर्वप्रथम तहसील सदर के निकट चिन्हित जमीन पर मंडलीय एवं जिला होमगार्ड्स कार्यालय का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इसके बाद सर्किट हाउस के सभागार में जनपद के नागरिक सुरक्षा वार्डनों के साथ संवाद बैठक की। धर्मवीर प्रजापति ने आगे कहा कि नागरिक सुरक्षा के वार्डन समय-समय पर विभिन्न प्रशिक्षण, माकड्रिल व त्योहारों व अन्य अवसरों पर अपनी ड्यूटी का निर्वहन करते हैं। जिसकी प्रशंसा हमेशा शासन प्रशासन में की जाती है। उन्होंने आगे कहा कि कोरोना काल में भी सिविल डिफेंस के वार्डनों ने स्वयं की चिंता छोड़ते हुए अपनी ड्यूटी को बेखौफ होकर पूरी सावधानी व सुरक्षा ऐहतियात बरतते हुए बखूबी निभाया था।

नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सिविल डिफेंस के वार्डनों ने मॉकड्रिल के माध्यम से अपने कार्यों और गतिविधियों से पूरे देश को अवगत कराया। अभी तक नागरिक सुरक्षा को उत्तर प्रदेश के चयनित जनपदों में थी लेकिन अब पूरे उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में सिविल डिफेंस स्थापित होगी।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट किंशुक श्रीवास्तव ने कहा कि सिविल डिफेंस मुरादाबाद में पूरी जागरूकता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है। नागरिक सुरक्षा के वार्डन मोहर्रम का जुलूस, ईद की नमाज, शोभायात्रा रामलीला नवरात्रि मेला आदि में अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निभाते हैं।

नागरिक सुरक्षा के उप नियंत्रक नीरज चक ने कहा कि मुरादाबाद सिविल डिफेंस के सभी वार्डन विभिन्न प्रशिक्षण और माकड्रिल में भाग लेते हैं व अपनी ड्यूटियां भी निभाते हैं। भविष्य में विभाग द्वारा जो भी दिशा निर्देश होंगे सभी वार्डन उसका पूरा पालन करेंगे।

इस अवसर पर सहायक उप नियंत्रक सतीश कुमार, डिप्टी चीफ वार्डन पंकज सक्सेना, नागरिक सुरक्षा कार्यालय के डॉ तुषार अग्रवाल व चमन शर्मा, डिवीजनल वार्डन सुरेंद्र प्रकाश गुप्ता, प्रभारी डिविजनल वार्डन अशोक गुप्ता, विचित्र शर्मा, अनुज गुप्ता, कमल गोला दिनेश सिसोदिया, काशिफ खान, पूनम बंसल, नीतू सक्सेना बबीता बिश्नोई, निमित कुमार आदि वार्डन उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Loving Newspoint? Download the app now