Next Story
Newszop

झज्जर : इंग्लैंड की धरती पर सजा हरियाणवी संस्कृति का रंग

Send Push

झज्जर, 30 जून (Udaipur Kiran) । इंग्लैंड की धरती पर ग्रामीण संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक जाट मेला इस वर्ष भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। मेले में विभिन्न प्रकार के देसी खानपान और पारंपरिक खेलों ने केवल हरियाणा मूल के लोगों का बल्कि इंग्लैंड के मूल निवासी गौरों का भी दिल जीत लिया। मेले का आयोजन जाट समाज संगठन यूके ने किया।

इंग्लैंड में नगर पार्षद सेक्टर-6 बहादुरगढ़ के मूल निवासी रोहित अहलावत ने बताया कि इंग्लैंड में आयोजित हुए जाट मेले में पारंपरिक देसी खेलों जैसे कबड्डी, गोला फेंक, रस्साकसी और मटका रेस जैसे खेलों का आयोजन हुआ। इन खेलों में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बराबर भागीदारी दिखाई। खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ मेले की खास बात रही देशी खान-पान। देशी कढी-चावल, पेठा-पूरी, सवाली, गुलगुले, देशी घी की जलेबी, घेवर और छाछ जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने मेहमानों का दिल जीत लिया।

महिलाओं की विशेष भागीदारी ने मेले को अधिक जीवंत बना दिया। साक्षी सिंह, सुनीता ग्रेवाल रावत और श्रुति दहिया ने लोक नृत्य प्रस्तुत कर ग्रामीण संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कोलडे वाली धुलेंडी ने सबका मन जीत लिया। बहादुरगढ़ के सेक्टर-6 निवासी रोहित अहलावत के लंदन में जन्मे पुत्र अव्युक्त अहलावत ने देशी गाने पर नाच कर अपनी शानदार प्रस्तुति दी ।

लंदन में रह रहे युवा, बच्चों और बुजुर्गों ने पारिवारिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूत किया। मेला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखने का प्रयास भी रहा। मेले में भाग लेने वाले लोगों ने आपसी चर्चा के दौरान युवाओं के रोज़गार के लिए भी ज़ोर दिया। इस विशेष अवसर पर भारत से कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम में संविधान, सेना, न्यायपालिका और समाज सेवा से जुड़े विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने प्रवासी भारतीयों को गौरव से भर दिया।

राज्यसभा सदस्य वह सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील विवेक तन्खा, भारतीय सेवा के रिटायर्ड जनरल अजय सिंह, बार काउंसिल ऑफ़ पंजाब एंड हरियाणा के वरिष्ठ सदस्य राजकुमार चौहान, विजित सिंह, एडिशनल एडवोकेट जनरल विजित सिंह मेले में खासतौर से शामिल हुए। इन सभी हस्तियों ने अपने वक्तव्यों में भारतीय संस्कृति, संविधान की मजबूती, न्याय प्रणाली में प्रवासी योगदान और युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि प्रवासी भारतीय हमारी संस्कृति के संवाहक हैं।

जनरल अजय सिंह ने युवाओं को देशसेवा और नेतृत्व के गुणों पर बात करते हुए प्रेरित किया। वहीं, कानून जगत से आए गणमान्य अतिथियों ने कानूनी शिक्षा, नागरिक अधिकार और जिम्मेदारियों पर संवाद किया। इस मेले के आयोजन में प्रवीण अहलावत, विक्रम रावत, विजय राठी, तेजपाल सिंह, हरीश दहिया, कुलदीप अहलावत, सुखविंदर नारा, लोकेश मान, विकास धनखड़, सुधीर डागर, संजय देशवाल, अनिल मलिक, दुष्यंत तोमर ने तन मन धन से सहयोग दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Loving Newspoint? Download the app now