डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी में बीजेपी के एक युवा नेता की पत्नी का शव ससुराल में फंदे से लटका मिला है। युवा नेता ने पत्नी को फांसी से उतारा और बाद में अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बेटी की मौत की खबर सुनकर मां पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो चुका है। परिजनों ने बीजेपी नेता पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वह 5 लाख रुपए की डिमांड कर रहा था। शिकायत के बाद पुलिस ने बीजेपी नेता को हिरासत में ले लिया है। घटना शनिवार रात करीब 7.30 बजे की है। भाजपा पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष और उप सरपंच दशरथ राठौर (38) की शादी तीन साल पहले देवलपुर गांव की रहने वाली संगीता (22) से हुई थी। दशरथ सिटी कोतवाली क्षेत्र के सरहरी बिछिया का रहने वाला है। उसकी प्रिंटिंग प्रेस है। वह मूर्तिकार भी है। संगीता भी दुकान संचालन में पति की मदद करती थी। पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 7.30 बजे दशरथ घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उसने खिड़की में से देखा कि संगीता फंदे से लटकी हुई है। वो खिड़की से अंदर घुसा और फंदा काटकर पत्नी को नीचे उतारा। तब तक संगीता की मौत हो चुकी थी। दशरथ ने रात करीब 8.30 बजे पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर दिया। रविवार सुबह 9 बजे कमरे का ताला खोला गया। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के दौरान संगीता के परिजन अस्पताल पहुंच गए। महिलाएं ओपीडी के सामने बैठ गईं। पुरुष नारेबाजी करते हुए पुलिस से बहस करने लगे। वे दशरथ के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। जानकारी मिलते ही एसपी वाहिनी सिंह ने मौके पर पहुंचकर परिजनों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों को समझाइश। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए भीड़ को अस्पताल से निकाला। परिजनों ने दशरथ पर पत्नी की हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि वह 5 लाख रुपए की मांग कर रहा था। रुपए नहीं दिए तो बेटी की हत्या कर दी।
संगीता के पिता ने कहा, हमें दशरथ ने ही फोन पर संगीता के फांसी लगा लेने की जानकारी दी। उसके बाद हम यहां आ गए। दामाद बेटी से मारपीट करता था। एक बार परेशान होकर बेटी मायके भी आ गई थी। समझौता होने के बाद हमने उसे भेज दिया था। संगीता के दादा छोटू सिंह राठौर ने कहा, मैं कल पोती के ससुराल आया था। दामाद दशरथ पांच लाख रुपए की मांग कर रहा था। मैंने उससे कहा कि मैं गरीब आदमी हूं। इतना पैसा कहा से लाऊंगा। घटना की जानकारी लगने के बाद डिंडोरी से कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने संगीता के परिजन से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान हैं। उसकी हत्या की गई है। पुलिस हम लोगो को शव देखने नहीं दे रही है। विधायक ने थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे से बात की और परिजनों को शव दिखाने की बात कही। थाना प्रभारी ने पीएम हो जाने के बाद शव दिखाने की बात कही है।
You may also like
Education News- HBSE 10वीं-12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानिए पूरा प्रोसेस
Sexual Health : पहली बार यौन संबंध बनाने की सही उम्र क्या है? जानिए विशेषज्ञों की राय
job news 2025: सहायक प्रोफेसर के पदों पर निकली हैं भर्ती, सैलेरी होगी लाखों में, नहीं चूके आवेदन का मौका
Answer Key 2025- NTA ने जारी की NCET परीक्षा 2025 की उत्तरकुंजी, ऐसे करें डाउनलोड
राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच राठौड़ ने कहा, 'अगला साल निश्चित रूप से हमारा होगा'